बांके बिहारी बना रहे हैं हर साल नए रिकॉर्ड,

कान्हा की नगरी में धर्मिक पर्यटन तेजी से फर्राटा भर रहा है और विदेशियों को भी ब्रज भूमि अपनी ओर खूब आकर्षित कर रही है। इसमें भी देशभर से आने वाले भक्तों को सबसे ज्यादा जहां बांके बिहारी की नगरी वृन्दावन और गोवर्धन अपनी ओर खींच रही है, वहीं विदेशी भक्तों को कान्हा की जन्मस्थली मथुरा और लीलास्थली वृन्दावन खूब पसंद आ रही है।


बड़ी संख्या में आते हैं देश-विदेश के पर्यटक
हर साल बड़ी संख्या में देश-विदेश के पर्यटक विभिन्न मौकों पर ब्रज में आते हैं और कान्हा की जन्मस्थली सहित उनकी लीलास्थलियों का भी भ्रमण और दर्शन करते हैं। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, साल 2018 में यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या का आंकड़ा 5 करोड़ को पार कर गया है।


वृंदावन, गोवर्धन में सबसे ज्यादा विदेशी टूरिस्ट
दुनियाभर से हर साल बड़ी संख्या में विदेशी कृष्णभक्त और पर्यटक कान्हा की नगरी में आते हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के अलावा कृष्णलीला से जुड़े सभी स्थलों का भ्रमण और दर्शन करने विदेशी पहुंचते हैं, लेकिन वृन्दावन और गोवर्धन में सबसे ज्यादा विदेशी श्रद्धालु पहुंचे। साल 2017 में मथुरा में जहां 26,605 विदेशी भक्त पहुंचे तो वहीं वृंदावन में इनकी संख्या 50,880 और गोवर्धन में 9,115 रहीं जबकि साल 2018 में मथुरा में 27,910 वृन्दावन में 53,980 और गोवर्धन में 10,660 विदेशी भक्त पहुंचे।